इटारसी. पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल रेल मंडल के सबसे व्यस्ततम इटारसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 और 7 पर शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात खान-पान के दो स्टॉलों को बंद किया गया। रेलवे ने हाईकोर्ट के आदेश पर मेसर्स गोयल एंड गोयल और मेसर्स शिव एंड संस की दुकानों को बंद करा दिया है। इस कार्रवाई के बाद अब स्टेशन पर कंचन कैटर्स की दोबारा वापसी के रास्ते साफ हो गए हैं।
करीब तीन साल पहले रेलवे ने कंचन कैटर्स को हटाकर ये स्टॉल नए ठेकेदारों को सौंप दिए थे। हालांकि, तब रेलवे ने एग्रीमेंट में यह शर्त साफ लिखी थी कि यदि कोर्ट का फैसला कंचन कैटर्स के पक्ष में आता है, तो नए संचालकों को जगह खाली करनी होगी। कंचन कैटर्स ने इस बदलाव को अदालत में चुनौती दी थी, जहां लंबी सुनवाई के बाद अब उनके पक्ष में फैसला आया है।
आधी रात को गिरे दुकानों के शटर
भोपाल रेल मंडल के आदेश पर प्लेटफॉर्म-6 के स्टॉल नंबर सीएस-15 और सीएस-16 को खाली कराया गया। रेल प्रशासन ने संचालकों को निर्देश दिए थे कि वे अपनी सामग्री और मशीनें हटाकर जगह को पहले जैसी स्थिति में कर दें। इसी के पालन में शुक्रवार आधी रात को दोनों दुकानों का संचालन बंद कर दिया गया।
कोर्ट के आदेश का पालन किया
स्टेशन मास्टर विनोद कुमार चौधरी ने बताया कि यह कार्रवाई पूरी तरह हाईकोर्ट के आदेश के तहत की गई है। उन्होंने बताया कि रेलवे पहले से ही कानूनी स्थिति को लेकर स्पष्ट था, इसलिए अनुबंध में इसका जिक्र किया गया था। अब स्टेशन और रेल यात्रियों के बीच यह चर्चा तेज है कि पुरानी कैटरिंग कंपनी कंचन कैटर्स कब से अपना काम दोबारा शुरू करेगी।
