जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल अंतर्गत रेलवे अस्पताल पिपरिया एवं नरसिंहपुर में 30 एवं 31 मई को विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस वर्ष विश्व स्वास्थ्य संगठन (डबलूएचओ) द्वारा निर्धारित थीम आकर्षण का पर्दाफाश करना: निकोटीन एवं तंबाकू की लत का मुकाबला करना रही।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य तंबाकू एवं निकोटीन उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए उद्योगों द्वारा अपनाई जाने वाली भ्रामक विपणन रणनीतियों एवं विज्ञापनों के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा युवाओं और किशोरों को ई-सिगरेट एवं अन्य आधुनिक तंबाकू उत्पादों के दुष्प्रभावों से अवगत कराना था।
रेलवे चिकित्सक डॉ. आर.आर. कुर्रे ने बताया कि तंबाकू में लगभग 400 प्रकार के हानिकारक रासायनिक तत्व पाए जाते हैं, जो मानव स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव डालते हैं। खैनी, गुटखा एवं अन्य धूम्ररहित तंबाकू उत्पादों के सेवन से मुंह का कैंसर होने का खतरा बढ़ जाता है, जबकि ई-सिगरेट एवं धूम्रपान फेफड़ों के कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं। तंबाकू सेवन से हृदय रोग, श्वसन संबंधी समस्याएं तथा बांझपन जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान रेलवे अस्पताल पिपरिया, रेलवे अस्पताल नरसिंहपुर तथा रेलवे स्टेशन नरसिंहपुर में पोस्टर, बैनर एवं उद्घोषणाओं के माध्यम से यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों एवं आमजन को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित लोगों को तंबाकू का सेवन न करने एवं दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया।डॉ. कुर्रे ने कहा कि वर्तमान समय में तंबाकू एवं नशे की प्रवृत्ति युवाओं, किशोर-किशोरियों तथा स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थियों में तेजी से बढ़ रही है। इस चुनौती से निपटने के लिए अभिभावकों, शिक्षण संस्थानों एवं समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने लोगों से तंबाकू उत्पादों एवं इनके भ्रामक विज्ञापनों का बहिष्कार करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर जिला चिकित्सालय से डॉ. गुलाब खातरकर सहित स्वास्थ्यकर्मियों ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान यह जानकारी भी दी गई कि नशा छोडऩे के इच्छुक व्यक्तियों के लिए विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में नि:शुल्क परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण हेतु संकल्प लिया तथा तंबाकू छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

