जबलपुर। जबलपुर सहित करीब 18 जिलों में मौसम विभाग द्वारा पीली चेतावनी दिए जाने के बावजूद प्री मानसूनी गतिविधियों के मजबूत होने से पिछले 24 घंटों में दिन और रात के तापमान में 6 डिग्री तक की बड़ी गिरावट देखी गई है। भयंकर गर्मी के बीच मौसम विज्ञानियों ने भारी बारिश, धूल भरी आंधी, बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 50 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं की आशंका के साथ मंदसौर, नीमच, ग्वालियर, दतिया और भिंड जिले में नारंगी अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही झंझावात, वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति की हवाओं वाली पीली चेतावनी की श्रेणी में भोपाल, विदिशा, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, सागर, मैहर, पांडुर्णा, खंडवा, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ तथा निवाड़ी जिलों को रखा गया है, जहां मौसम तेजी से बदल रहा है।
तापमान के आंकड़ों में भारी गिरावट दर्ज
शनिवार को क्षेत्र का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य स्तर से 4 डिग्री कम दर्ज हुआ। इसी तरह न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 4 डिग्री कम रहकर 24.0 डिग्री पर पहुंच गया। हाल ही के दिनों में दोनों तापमान क्रमशः 44 और 30 डिग्री तक चल रहे थे, जिससे अचानक 6 डिग्री तक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। हवा में नमी यानी आर्द्रता का स्तर 51 प्रतिशत दर्ज किया गया, जबकि हवाओं की दिशा उत्तर-पश्चिमी रही जो 6 से 7 किमी प्रति घंटे की गति से चलीं। आने वाले समय में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें गिरने की संभावना जताई गई है।
