khabar abhi tak

अधिवक्ता परिषद महाकौशल प्रांत का पुनर्गठन, सुनील शर्मा बने नए अध्यक्ष



जबलपुर
। खजुराहो में आयोजित अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद महाकौशल प्रांत की महत्वपूर्ण प्रांतीय बैठक में संगठन के पुनर्गठन के साथ नई प्रांतीय कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। राष्ट्रीय मंत्री विक्रम दुबे की गरिमामयी उपस्थिति, राष्ट्रीय टीम के मार्गदर्शन और मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ राज्य के अधिवक्ता प्रदीप सिंह सेंगर के सहयोग से विभिन्न जिलों से आए जिला अध्यक्षों, महामंत्रियों एवं कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में नई टीम का सर्वसम्मति से गठन किया गया। इस पुनर्गठन में तेज कुमार मोढ को संरक्षक, भोपाल के वरिष्ठ अधिवक्ता सुनील शर्मा को अध्यक्ष, रीवा के अधिवक्ता संतोष कुमार अवधिया को कार्यकारी अध्यक्ष और उच्च न्यायालय के अधिवक्ता संजय पटेल को प्रांत का महामंत्री नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही जबलपुर के ओम नामदेव को प्रांतीय कोषाध्यक्ष, भोपाल के शिवराज कुशवाह को कार्यालय मंत्री और सतना के अधिवक्ता हर्ष तिवारी को क्षेत्रीय टोली संगठन आयाम का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।

​राष्ट्र निर्माण और प्राचीन न्यायशास्त्र पर मंथन

​बैठक के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने राष्ट्र निर्माण में अधिवक्ताओं की भूमिका पर अपने विचार साझा किए। राष्ट्रीय मंत्री विक्रम दुबे ने संगठन की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तृत चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं को भविष्य के कार्यों के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। पूर्व महामंत्री प्रशांत हरणे ने नॉलेज कलेक्टिव आयाम के संबंध में अपनी बात रखते हुए कहा कि हमारे प्राचीन न्यायशास्त्र के सिद्धांतों को धर्मग्रंथों से अध्ययन करके आज के समय के अनुकूल बनाकर लागू कराने के प्रयास किए जाने चाहिए।

​जनहित और विधिक आयामों पर चर्चा

​उप महान्यायवादी सुयश मोहन गुरु ने लिटिगेशन आयाम पर चर्चा करते हुए विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से जनहित और राष्ट्रहित के मामलों में न्याय दृष्टांतों का विशेष रूप से उल्लेख किया। इसके बाद राष्ट्रीय परिषद सदस्य एवं क्षेत्रीय टोली सदस्य के रूप में सीहोर के अधिवक्ता अर्जुन सेंधव, भोपाल के अधिवक्ता श्री मनोज रघुवंशी, उच्च न्यायालय जबलपुर की महिला अधिवक्ता श्रीमती आरती द्विवेदी और उच्च न्यायालय जबलपुर के ही अधिवक्ता श्री सुनील गुप्ता को नवीन दायित्व सौंपे गए।

​जनहित में सक्रिय भागीदारी की अपेक्षा

​बैठक के अंत में सभी नवनियुक्त और दायित्व संभाल रहे पदाधिकारियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। संगठन द्वारा यह अपेक्षा की गई है कि महाकौशल प्रांत की संपूर्ण कार्यकारिणी का कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा ताकि सभी पदाधिकारी समाज और जनहित के कार्यों में अपनी सक्रिय और सकारात्मक भागीदारी निभा सकें।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak