khabar abhi tak

सनसनीखेज मर्डर: रेस्टोरेंट के सामने तड़पता रहा युवक, चाकूबाजी की वारदात से थर्राया मदन महल

कपिल प्यासी का जीवित अवस्था का चित्र

जबलपुर। मदन महल थाना क्षेत्र में देर रात शराब पार्टी के दौरान हुआ मामूली विवाद एक बडे़ हत्याकांड में बदल गया। यहां शिवाजी चौक स्थित एक बारात घर के पीछे डीजे का संचालन करने वाले कुछ युवक बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद अतुल प्यासी और कपिल प्यासी का दूसरे पक्ष के कुछ युवकों के साथ किसी बात को लेकर तीखा झगड़ा शुरू हो गया। शराब के नशे में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष को अपशब्द कह दिए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर गाली-गलौज और धक्का-मुक्की होने लगी। माहौल बिगड़ता देख मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराकर मामला शांत करा दिया। इसके बाद अतुल और कपिल वहां से निकलकर अपने घर की ओर जाने लगे।

​बाइक से पीछा कर रास्ते में घेरा

​बारात घर के पीछे जिन युवकों से विवाद हुआ था, वे समझौता होने के बाद भी शांत नहीं बैठे थे। उनके मन में रंजिश बैठ चुकी थी। उन युवकों ने कुछ देर बाद मोटर साइकिल से अतुल और कपिल का पीछा करना शुरू कर दिया। हमलावरों ने तीन पत्ती इलाके में स्थित यूको बैंक के पास एक रेस्टोरेंट के सामने इन दोनों को बीच रास्ते में रोक लिया। वहां आरोपियों ने पुराने विवाद को लेकर एक बार फिर बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते आरोपियों ने कपिल प्यासी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने कपिल की कमर के नीचे चाकू मारा, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क पर गिर गया और तड़पने लगा।

​अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

​यह पूरी वारदात देर रात लगभग 1:30 बजे से 2:00 बजे के बीच की बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से तुरंत भाग निकले। खून से लथपथ कपिल को वहां मौजूद लोग और उसके साथी तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने गहन जांच के बाद कपिल को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मदन महल थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और घटनास्थल की जांच शुरू की।

​मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में, एक फरार

​पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह साफ हुआ है कि शराब के नशे में हुआ मामूली विवाद ही इस हत्या की मुख्य वजह बना। मदन महल पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए कार्रवाई की और इस हत्याकांड के मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी भी फरार चल रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak