जबलपुर। जबलपुर विकास प्राधिकरण के नए अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालने जा रहे संदीप जैन ने एक संवेदनशील निर्णय लिया है। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों से अपील की है कि उनके अध्यक्ष बनने पर किसी भी तरह की रैली, जुलूस या स्वागत समारोह आयोजित न किए जाएं। श्री जैन ने स्पष्ट किया है कि हाल ही में हुई एक हृदय विदारक घटना में कई परिवारों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है। ऐसे शोक और दुख के माहौल में जश्न मनाना किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं है। उनका मानना है कि इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़े होना जनप्रतिनिधियों का पहला कर्तव्य है। सभी कार्यकर्ताओं से इस निर्णय का पालन करने का आग्रह किया गया है ताकि शोक संतप्त परिवारों के प्रति पूरी संवेदना व्यक्त की जा सके।
