जबलपुर। गोरा बाजार थाना अंतर्गत कजरवारा पुरानी बस्ती में रहने वाले 85 वर्षीय बुजुर्ग कंधीलाल उपाध्याय के सूने मकान में 10 मई को हुई चोरी के मामले में अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। स्थानीय पुलिस थाने में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की कमी होने की वजह से इस गंभीर चोरी की घटना की जांच आगे नहीं बढ़ पा रही थी। पुलिस की इस निष्क्रियता से परेशान होकर आज पीड़ित परिवार के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा से मुलाकात की। पीड़ित पक्ष ने एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा को एक मांग पत्र और ज्ञापन सौंपकर चोरी की बारीकी से जांच कराने और घर से चोरी गए कीमती सामान की जल्द से जल्द बरामदगी करने की गुहार लगाई है।
शातिर चोरों ने पेचकस से लॉक खोलकर अलमारी से उड़ाया सामान
शिकायत मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने तुरंत एक्शन लेते हुए गोरा बाजार थाना प्रभारी को फोन पर निर्देश दिए हैं कि वे घटनास्थल के आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों के फुटेज खंगालें और साक्ष्य जुटाएं। इसके साथ ही क्षेत्र के पुराने और संदिग्ध अपराधियों से कड़ाई से पूछताछ कर चोरी का माल बरामद करें। पीड़ित बुजुर्ग कंधीलाल उपाध्याय ने बताया कि चोर बेहद शातिर थे, जिन्होंने मुख्य दरवाजे के एल्ड्रोप के स्क्रू काटकर घर में प्रवेश किया और गोदरेज की अलमारी का ताला तोड़े बिना, ऊपरी हिस्से में पेचकस फंसाकर लॉक खोल लिया। इस दौरान एडिशनल एसपी ने पीड़ितों को ढांढस बंधाया कि चोरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ज्ञापन सौंपते समय कंधीलाल उपाध्याय के साथ विवेकरंजन शुक्ला, अटल उपाध्याय, बृजेश मिश्रा, नरेन्द्र, कमल, संदीप, अभय, नमन उपाध्याय, शैलेन्द्र दुबे, प्रशान्त चौकसे, माइकल मसीह, राजाराम डेहरिया और अर्जुन सोमवंशी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
