इटारसी. पमरे के भोपाल रेल मंडल के इटारसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर एक चलती ट्रेन में चढऩे की कोशिश कर रही मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह घटना जयपुर एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 17020 में रविवार 3 मई की सुबह हुई। हैदराबाद निवासी हबीबा बेगम (36) और उनकी बेटी फराना बेगम (18) पानी लेने के लिए ट्रेन से नीचे उतरी थीं। इसी दौरान ट्रेन का सिग्नल हो गया और वह अचानक चलने लगी। दोबारा ट्रेन में चढऩे की कोशिश में दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे प्लेटफार्म व ट्रेन के बीच गिर गईं।
मां का हाथ फ्रैक्चर, बेटी के सिर में चोट
हादसे में मां हबीबा बेगम के हाथ में फ्रैक्चर हो गया और सिर में गंभीर चोट आई है। बेटी फराना बेगम के सिर में भी गंभीर चोटें बताई जा रही हैं। मौके पर मौजूद लोगों की सतर्कता से दोनों की जान बच गई। उन्हें तत्काल इटारसी स्टेशन पर प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
अजमेर दरगाह दर्शन के लिए जा रहा था परिवार
घायल महिला के पति अकबर ने बताया कि वे परिवार सहित हैदराबाद से अजमेर दरगाह दर्शन के लिए जा रहे थे। उनका रिजर्वेशन स्-6 कोच में 41 से 46 नंबर बर्थ पर था। उन्होंने बताया कि ट्रेन रुकते ही मां-बेटी पानी लेने उतरी थीं, और ट्रेन अचानक चलने लगी।
मां प्लेटफार्म और पटरी के बीच गिरी
घबराहट में चढऩे की कोशिश करते समय मां प्लेटफार्म और पटरी के बीच गिर गईं, जबकि बेटी प्लेटफार्म पर गिरी, जिससे उसके सिर में चोट लगी। घटना के बाद तुरंत ही ट्रेन को रोका गया। प्रधान आरक्षक सचिन मलिक, राजेश यादव और आरक्षक हर प्रताप सिंह परमार ने यात्रियों व सफाई कर्मियों के सहयोग से घायल महिला को ट्रेन के नीचे से बाहर निकाला।
