khabar abhi tak

घमापुर में बदमाशों का तांडव, पत्थरबाजी में एक महिला जख्मी



जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र में आने वाले बल्दी कोरी की दफाई इलाके में बीती रात बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए जमकर पत्थरबाजी की। इस हमले में घर के भीतर मौजूद 21 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। पत्थर महिला के चेहरे पर इतनी तेजी से लगा कि उनके सामने के दांत टूट गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

​दरवाजा खोलते ही लगा महिला को पत्थर

​पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार श्रीमती काजल साहू के पति लक्ष्मीनारायण साहू रात में अपने एक मित्र के जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए थे। रात करीब 11:30 बजे काजल अपनी सास फूलवती और देवर कार्तिक साहू के साथ घर के अंदर मौजूद थीं। इसी दौरान अचानक घर के मुख्य दरवाजे पर पत्थरों की बौछार शुरू हो गई। बाहर क्या हो रहा है और कौन पत्थर फेंक रहा है, यह देखने के लिए काजल ने जैसे ही दरवाजा खोला, सामने से आए एक भारी पत्थर ने उनके चेहरे पर चोट कर दी।इस हमले में काजल के आधे दांत टूटकर गिर गए और इसके तुरंत बाद एक दूसरा पत्थर उनके हाथ में लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग भी सक्रिय हुए लेकिन तब तक हमलावर वहां से भाग निकले थे। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उन्हें पूरा संदेह है कि हमला संदीप कोरी और कमलेश कोरी द्वारा किया गया है। पथराव की इस घटना में मकान के दरवाजे को भी काफी नुकसान पहुंचा है। घमापुर थाना पुलिस ने काजल साहू की शिकायत के आधार पर आरोपी संदीप और कमलेश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 118(2), 324(4) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। वर्तमान में पुलिस की टीमें फरार आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak