जबलपुर। माढ़ोताल थानान्तर्गत आईटीआई चुंगी नाका के पास अंकित खटीक पर उस वक्त हमला कर दिया गया, जब वह मोहल्ले में होने वाली शिव महापुराण के लिए चंदा एकत्र कर रहा था। हमले में अंकित के शरीर पर गंभीर चोटें आई है। हमला होते देख आसपास के लोग एकत्र हो गए, जिन्होने घायल अंकित को अस्पताल पहुंचाकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। जिसपर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है।
पुलिस के अनुसार अंकित खटीक निवासी चुंगीनाका माढ़ोताल क्षेत्र में होने वाली शिव महापुराण के लिए अपने साथी नकुल खटीक, वरुण चौरसिया के साथ मिलकर चंदा एकत्र कर रहा था। इस दौरान अनूप निवासी माढोताल अपने साथी के साथ आया और चंदा के संबंध में पूछताछ करने लगा। अंकित के विरोध करने पर अनूप ने गाली गलौज करते हुए मारपीट कर दी। विरोध करने पर चाकू निकालकर हमला कर दिया, हमले में अंकित खटीक के हाथों में चोट आई, हमला होते देख आसपास के लोग एकत्र हो गए। जिन्हे देख हमलाावर धमकी देते हुए भाग गए। वहीं घायल अंकित को साथियों ने अस्पताल पहुंचाकर पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद हमलावरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु कर दी है। वहीं घटना को लेकर क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश व्याप्त रहा। उनका कहना था कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों द्वारा आए दिन किसी न किसी व्यक्ति के साथ मारपीट, धमकी दिए जाने की घटनाएं हो रही है। इसके बाद भी पुलिस द्वारा कार्यवाही न की जाना चिंता का विषय है।
