जबलपुर। कैंट विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले उमरिया (कजरवारा ) क्षेत्र के बंदा बाबा पहाड़ में रविवार शाम को अचानक भीषण आग लग गई। इस पहाड़ी इलाके में लगी आग तेजी से फैल रही है, जिससे आसपास के मैदानी इलाकों में हड़कंप मच गया है। इस क्षेत्र के हजारों एकड़ खेत में वर्तमान में मूंग और उड़द की फसलें पककर खड़ी हुई हैं। आग की लपटों को देखकर स्थानीय किसानों में अपनी फसलों को लेकर भारी डर और चिंता का माहौल देखा जा रहा है। पहाड़ी पर सूखी घास और तेज हवाओं के कारण आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही हैं। किसानों को सबसे बड़ा डर इस बात का है कि यदि आग ने जरा भी रुख बदला, तो उनकी महीनों की मेहनत से तैयार मूंग और उड़द की खड़ी फसल पूरी तरह जलकर खाक हो जाएगी।