शहडोल. एमपी के शहडोल में जीआरपी ने संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से बड़ी मात्रा में गांजा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान लगभग 41 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
जीआरपी टीम ट्रेनों में सघन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के जनरल कोच में एक युवक दो बड़े विमल ब्रांड के बैग के साथ बैठा मिला। पुलिस टीम को देखते ही युवक घबरा गया, जिससे जवानों को उस पर संदेह हुआ। तलाशी लेने पर दोनों बैगों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान अमर मिश्रा (25) निवासी गाजियाबाद के रूप में बताई। आरोपी रायपुर से गांजे की यह खेप लेकर प्रयागराज जा रहा था। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस को देखकर घबराया युवक
शहडोल जीआरपी के एसआई आरएम झरिया ने बताया कि यह कार्रवाई ट्रेनों की नियमित जांच के दौरान की गई। उन्होंने पुष्टि की कि युवक जनरल कोच की पिछली सीट पर बैठा था और पुलिस को देखकर असहज हो गया था, जिसके बाद संदेह के आधार पर उसके बैगों की जांच की गई। जीआरपी अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी को गांजे की यह खेप किस गिरोह से मिली थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे एक संगठित तस्करी नेटवर्क सक्रिय है। उल्लेखनीय है कि शहडोल जीआरपी पहले भी ट्रेनों में कई बार कार्रवाई कर गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर चुकी है।
