जबलपुर। पाटन के ग्राम आगासौद गांव में सनसनीखेज घटनाक्रम सामने आया है। यहां पर घर के आंगन में खेल रही तीन साल की मासूम बच्ची पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। जिससे बच्ची के शरीर पर गंभीर चोटें आई, बेटी पर हमला होते देख मां बचाने पहुंची तो कुत्ता घर के अंदर घुस गया और जमीन पर सो रही 6 माह की मासूम को जबड़े में दबोचकर भागा निकला। जिसका पीछा कर किसी तरह बच्ची को बचाया। दोनों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया। जहां पर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल रेफर किया गया है। परिजनों ने दोनों बच्चियों को शहर के निजी अस्पताल में भरती कराया है।
बताया गया है कि आगासोद निवासी नरेश व उसकी पत्नी सुलोचना भवेदी दो मजदूरी करते है। दो दिन पहले पति काम से बाहर गए थे, घर पर सुलोचना दो बच्चियों के साथ थी। गांव में ही एक किसान ने खेत में बना मकान उन्हें रहने को दिया था। सुलोचना घर के अंदर काम कर रही थी, बाहर तीन साल की प्राची खेल रही थीए तभी एक कुत्ते ने बच्ची पर हमला कर दिया। चीख सुनकर मां बाहर निकली और लाठी लेकर उसे भगाया। मां ने जैसे-तैसे बड़ी बेटी को चंगुल से छुड़ाया पर तब तक कुत्ता प्राची के चेहरे व शरीर को बुरी तरह से नोच चुका था। इसके बाद कुत्ता प्राची को छोड़कर घर के अंदर घुस गया, जहां छह माह की बच्ची सो रही थी। उस पर हमला करते हुए जबड़े में दबोच कर भाग निकला। मां की आवाज सुनकर आसपास रहने वाले लोग आ चुके थे। उन्होंने छोटी बच्ची को कुत्ते से छुड़ाया। दोनों ही बच्ची के शरीर में गहरे घाव आए हैं। परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए पाटन स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर दोनों बच्चियों को जबलपुर रेफर कर दिया गया। परिजनों ने दोनों को शहर के निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डाक्टरों ने हालत को देखते हुए दोनों बच्चियों को भरती कर लिया है। सुलोचना का कहना है कि क्षेत्रीय नागरिकों ने दोनों ही बेटियों निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है। डॉक्टर ने सर्जरी के लिए बोला है, क्योंकि चेहरे में गंभीर चोट हैं।