जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा ऑपरेशन जीवन रक्षा के तहत तत्परता एवं साहस का परिचय देते हुए एक यात्री की जान बचाई गई।
रेल प्रशासन के मुताबिक यह घटना सोमवार 25 मई की शाम लगभग 5.06 बजे गाड़ी संख्या 22189 जबलपुर-रीवा इंटरसिटी एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म क्रमांक 05 से प्रस्थान के दौरान एक यात्री चलती ट्रेन में चढऩे का प्रयास करते समय असंतुलित होकर प्लेटफॉर्म एवं ट्रेन के बीच गैप में गिर गया।
ड्यूटी पर तैनात सहायक उप निरीक्षक श्री धीरज कुमार एवं प्रधान आरक्षक श्री भाग सिंह ने अदम्य साहस, सतर्कता एवं त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय देते हुए तत्काल यात्री को सुरक्षित बाहर निकाल लिया तथा उसकी जान बचाई। घटना में यात्री को किसी प्रकार की चोट नहीं आई। उक्त यात्री ने अपना नाम गुणाकर तिवारी, उम्र 56 वर्ष, निवासी सिहोरा, जबलपुर तथा होमगार्ड मुख्यालय, जबलपुर में पदस्थ होना बताया।
यात्री ने बताया कि चलती ट्रेन में चढऩे के प्रयास के दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया था। प्लेटफॉर्म पर उपस्थित यात्रियों ने आरपीएफ जवानों की त्वरित एवं साहसिक कार्रवाई की सराहना की। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे चलती ट्रेन में चढऩे अथवा उतरने का प्रयास न करें तथा अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें।
