देवताल गढ़ा निवासी जुगल किशोर सोनी पर चौहानी मुक्तिधाम के पास हुआ हमला, गंभीर हालत में निजी क्लीनिक में कराया गया भर्ती
जबलपुर। देवताल गढ़ा निवासी 70 वर्षीय जुगल किशोर सोनी शनिवार शाम को पैदल ही त्रिपुरी चौक की ओर जा रहे थे, तभी चौहानी मुक्तिधाम के पास एक आवारा कुत्ते ने उन पर पीछे से अचानक हमला कर दिया। इस हमले के कारण वे सीधे सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद कुत्ते ने उनके माथे, बाएं हाथ और कमर पर कई जगह बुरी तरह काट लिया। करीब 15 मिनट तक बुजुर्ग अकेले ही उस कुत्ते से संघर्ष करते रहे और खुद को बचाने का प्रयास करते रहे। इस दौरान वहां से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने साहस दिखाकर कुत्ते को मौके से भगाया और घायल के परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने तुरंत लहूलुहान हालत में जुगल किशोर को पुरवा स्थित एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने उन्हें टिटनेस और रैबीज के जरूरी इंजेक्शन लगाए।स्थानीय दुकानदार आनंद कोष्टा के अनुसार इस आवारा कुत्ते ने पहले भी इलाके में 2 से 3 लोगों को अपना शिकार बनाया है, जिससे पूरे क्षेत्र के नागरिकों में नगर निगम के खिलाफ भारी आक्रोश और दहशत का माहौल बना हुआ है। इधर मामला सामने आने के बाद नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि हमलावर कुत्ते को पकड़ने के लिए तलाश शुरू कर दी गई है और जल्द ही उसे पकड़कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
