जबलपुर। शहर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र में बीती को रात 11 बजे माढ़ोताल विद्युत सब स्टेशन पर एक गंभीर घटना हुई. उस समय सब स्टेशन में बिजली सुधार का कार्य चल रहा था, जिसके कारण बिजली की आपूर्ति बंद थी. सब स्टेशन में ऑपरेटर दीपक सोनी, लाइनमैन भागचंद यादव और ऑपरेटर राहुल वर्मा अपनी रात्रि ड्यूटी पर तैनात थे. तभी अंकित साहू और राजेश यादव 2 अन्य साथियों और 10 से 15 अज्ञात लोगों के साथ सब स्टेशन पहुंच गए. आरोपियों ने कार्यालय के अंदर जाकर ऑपरेटर दीपक सोनी के साथ लाइट बंद होने को लेकर अश्लील गालियां देते हुए मारपीट की. उन्होंने सब स्टेशन जलाने की धमकी दी और कार्यालय में रखे कंप्यूटर का सीपीयू व मॉनिटर डंडे से तोड़ दिए. जब दीपक सोनी ने बताया कि सुधार कार्य चल रहा है, तो आरोपियों ने उन पर डंडों से हमला किया, जिससे उनके हाथ, सिर और पीठ में चोट आई.अधीक्षण अभियंता सिटी संजय अरोरा ने कहा कि आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा और कम्पनी कर्मचारियों के साथ है।
पुलिस न आती तो अप्रिय घटना होती
बीच-बचाव करने आए लाइनमैन भागचंद यादव और ऑपरेटर राहुल वर्मा को भी आरोपियों ने पीटा, जिससे भागचंद यादव के दाहिने हाथ में चोट लग गई. आरोपी अंकित साहू और राजेश यादव इसके बाद ऑपरेटर दीपक सोनी को बाइक पर बैठाकर उखरी सब स्टेशन ले गए और वहां भी उसके साथ मारपीट की. किसी तरह बचकर भागने के बाद दीपक सोनी ने घटना की जानकारी सहायक अभियंता संतोष कुमार पुट्टे को दी. संतोष कुमार पुट्टे ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी वहां से भाग चुके थे. संतोष कुमार पुट्टे आज घायल दीपक सोनी को इलाज के लिए जामदार अस्पताल ले गए. पुलिस ने शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 296(a), 115(2), 351(3), 191(2), 191(3), 221, 132, 324(4) और 140(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है. जांच अधिकारी अब्दुल समद खान और थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार मामले की जांच कर रहे हैं.
कंपनी की ओर से दी गयी तत्काल सहायता
इस घटना के दौरान अधीक्षण अभियंता सिटी संजय अरोरा ने सतर्कता दिखाई और स्थिति को नियंत्रित करने में सहयोग किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए कंपनी ने पीड़ित आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को सहायता राशि जारी की है। यह राशि कर्मचारियों को चिकित्सा और मानसिक संबल प्रदान करने के लिए दी गई है। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई तेज कर दी है।
