जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र अंतर्गत कटंगी बाइपास पर स्थित होटल सुकून में शनिवार दोपहर को हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने अनैतिक गतिविधियों के आरोप में जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं को काफी समय से होटल में अवैध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिल रही थी, जिसके आधार पर उन्होंने वहां पहुंचकर कमरों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान होटल के कमरों में दो युवक और दो महिलाएं मौजूद मिलीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक कमरे में युवक-युवती संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए, जिससे नाराज कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया। इस बीच वहां विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों ने युवकों के साथ मारपीट भी कर दी। सूचना मिलते ही माढ़ोताल थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की जांच में होटल के रिसेप्शन रजिस्टर में ठहरे हुए लोगों की कोई एंट्री दर्ज नहीं मिली, जिसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दोनों युवकों और दोनों महिलाओं को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। पकड़े गए एक युवक की पहचान रानी दुर्गावती वार्ड के मुजावर मोहल्ला निवासी फरहज अली कादरी के रूप में हुई है। पुलिस फिलहाल होटल संचालक से पूछताछ कर रही है और होटल के दस्तावेज, रजिस्टर व सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
