मुंबई. भारतीय शेयर बाजार में बुधवार, 6 मई को अचानक तूफानी तेजी रही। सेंसेक्स 941 अंक की तेजी के साथ 77,959 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 298 अंक की तेजी रही, ये 24,331 पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 21 में तेजी और 9 में गिरावट रही। ऑटो, फाइनेंशियल सर्विसेज, फार्मा, बैंकिंग और रिअल्टी शेयर्स में 2 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त रही।
शेयर बाजार में तेजी की तीन बड़ी वजह
मिडल-ईस्ट में शांति की उम्मीद: अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध विराम को लेकर सकारात्मक खबरें आ रही हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प के शांति समझौते के संकेत देने से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट: तनाव कम होने की उम्मीद और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जहाजों की आवाजाही शुरू करने के प्रोजेक्ट फ्रीडम के ऐलान से कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर के नीचे आ गई हैं, जो भारत जैसे तेल आयातक देश के लिए बड़ी राहत है।
वैश्विक बाजारों में मजबूती: अमेरिकी बाजारों के रिकॉर्ड हाई पर बंद होने और एशियाई बाजारों जैसे- कोस्पी (साउथ कोरिया), निक्केई (जापान) और हैंगसेंग (हॉन्गकॉन्ग) में तेजी का असर भारतीय बाजार पर भी दिखा है।
