सागर। सागर के कैंट थाना क्षेत्र में पीली कोठी के पीछे लगी टेकरी पर आज बीएसएनएल के 800 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा परिवार करीब 6 घंटे बाद नीचे उतरा। युवक दोपहर 1.30 बजे पत्नी और ढाई साल की बेटी के साथ टावर पर चढ़ गया था। काफी देर तक समझाइश के बाद भी जब वह नहीं माना। तो रेस्क्यू के लिए आर्मी को भी बुलाया गया। उसके भाई को टावर पर भेजा गया। बातचीत के बाद शाम करीब 7.30 बजे परिवार सुरक्षित नीचे उतर आया।
बताया गया है कि बलराम अहिरवार अपनी पत्नी कृष्णादेवी व ढाई साल की बेटी को साथ लेकर टावर पर चढ़ा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। बड़ी संख्या में लोग भी वहां जमा हो गए। परिस्थिति को देखते हुए रेस्क्यू की तैयारी शुरू की गई। आर्मी को बुलाया गया और नीचे सुरक्षा के लिए नेट लगाने की व्यवस्था भी की गई। युवक लगातार नीचे आने से इनकार करता रहा और मोतीनगर थाना प्रभारी को मौके पर बुलाने की मांग करता रहा। बताया जा रहा है कि परिवार पुलिस की कार्रवाई से परेशान था। उनका आरोप है कि मोतीनगर पुलिस ने उन पर झूठा मामला दर्ज किया है। युवक के भाई ने बताया कि टावर पर चढऩे से पहले बलराम उनसे मिला था। उसने कहा था कि पुलिस ने उसे काफी देर तक पीटा और जेल भेज दिया। इसी बात से नाराज होकर उसने यह कदम उठाया।
Tags
sagar