पुलिस अधिकारियों के अनुसार आज शाम 4.30 बजे के लगभग करीब 50 से ज्यादा यात्रियों को लेकर बस चालक जबलपुर से अहमदाबाद के लिए रवाना हुआ। बस जबलपुर पाटन के ग्राम खैरी से आगे बढ़ रही थी, इस दौरान सामने से आ रही एम्बुलेंस को टक्कर मार दी। बस की टक्कर लगते ही एम्बुलेंस के परखच्चे उड़ गए, जिससे एम्बुलेंस में सवार सौरभ पटेल नामक युवक के शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मरीज सहित चार लोगों को गंभीर चोटें आई। बस व एम्बुलेंस के बीच हुई भिड़ंत को देख राह चलते लोगों सहित आसपास के लोग पहुंच गए, वहीं बस में सवार यात्रियों में चीखपुकार मच गई। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से एम्बुलेंस से सभी को बाहर निकालकर निकालकर 108 एम्बुलेंस की मदद से मेडिकल अस्पताल रवाना किया। मेडिकल अस्पताल में घायलों की हालत को देखते हुए भरती कर लिया गया है। जिनके उपचार में डाक्टरों की टीम जुटी हुई है। पुलिस को पूछताछ में बस में सवार यात्रियों ने बताया कि करीब एक घंटे पहले चालक बस को लेकर रवाना हुआ था, जो तेज गति से भाग रहा था। जिसे मना किया गया लेकिन वह नहीं माना और पाटन रोड पर एम्बुलेंस को टक्कर मार दी। दुर्घटना के वक्त इतनी जोरों से आवाज आई कि बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। यहां तक कि कुछ यात्री अपनी जगह से गिर गए थे। हादसे के बाद इस रोड जाम के हालात निर्मित हो गए थे। पुलिस ने के्रन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया, इसके बाद वाहनों की आवाजाही शुरु हो सकी।