khabar abhi tak

शानदार प्रदर्शन: एमपी ट्रांसको ने ट्रांसमिशन लॉसेस 2.60 प्रतिशत पर रोका,मंत्री ने की तारीफ



जबलपुर। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में बढ़ती बिजली मांग, सौर ऊर्जा के ग्रिड एकीकरण और फैलते नेटवर्क के बीच ट्रांसमिशन लॉसेस को पिछले वर्ष के स्तर 2.60 प्रतिशत पर बनाए रखने में बड़ी सफलता हासिल की है। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस तकनीकी दक्षता और बेहतर प्रबंधन का प्रमाण बताते हुए कहा कि देश और राज्य की सर्वाधिक बिजली मांग के दौरान यह गौरवपूर्ण उपलब्धि मिली है। उन्होंने इसके लिए एमपी ट्रांसको सहित प्रदेश की सभी बिजली कंपनियों के अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वित प्रयास, तकनीकी प्रबंधन तथा टीम वर्क को बधाई दी है। सरकार ने उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण, विश्वसनीय और निर्बाध बिजली आपूर्ति की प्रतिबद्धता दोहराई है।

​नियामक आयोग के तय मापदंड से शानदार प्रदर्शन

​मध्य प्रदेश विद्युत नियामक आयोग ने राज्य के लिए ट्रांसमिशन लॉसेस का लक्ष्य 2.74 प्रतिशत तय किया था। एमपी ट्रांसको ने अपनी बेहतर कार्यप्रणाली और मजबूत नेटवर्क की बदौलत नुकसान को महज 2.60 प्रतिशत पर ही सीमित रखा। तय लक्ष्य से कम नुकसान होना यह साबित करता है कि राज्य का ट्रांसमिशन सिस्टम बेहद मजबूत स्थिति में काम कर रहा है। इस प्रदर्शन के बाद मध्य प्रदेश की यह कंपनी देश की सबसे बेहतरीन और अग्रणी ट्रांसमिशन यूटिलिटीज की सूची में मजबूती से शामिल हो गई है।

​कठिन चुनौतियों के बीच तकनीकी प्रबंधन का कमाल

​यह सफलता ऐसे समय में मिली है जब राज्य में बिजली का ट्रांसमिशन नेटवर्क तेजी से फैल रहा है। इसके साथ ही बड़े पैमाने पर तैयार हो रही सौर ऊर्जा को मुख्य ग्रिड से जोड़ना और रिकॉर्ड बिजली की मांग को बिना किसी बाधा के पूरा करना बेहद चुनौतीपूर्ण काम था। एमपी ट्रांसको के तकनीकी अमले ने इन सभी चुनौतियों का सामना करते हुए ग्रिड की स्थिरता को बनाए रखा। सभी बिजली कंपनियों के बीच आपसी तालमेल से इस बड़े लक्ष्य को हासिल करना मुमकिन हो पाया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak