जबलपुर। संस्कारधानी में साहू समाज का दो दिवसीय राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय महासंगम 23 और 24 मई को आयोजित होगा। मध्यप्रदेश तैलिक साहू सभा के संयोजन में होने वाले इस कार्यक्रम के पहले दिन नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण और राष्ट्रीय महिला सशक्तिकरण सम्मेलन होगा। दूसरे दिन अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक कचनार क्लब विजयनगर में होगी। मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री जयदत्त क्षीरसागर, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सांसद विवेक साहू बंटी, सांसद आशीष दुबे, राष्ट्रीय महासचिव रामलाल गुप्ता, अतिरिक्त महासचिव अरुण भस्मे, प्रदेश प्रभारी एन टी राठौर, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार शामिल होंगे। पत्रकारवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश साहू भोपाल ने यह जानकारी दी।
सामाजिक और राजनीतिक सहभागिता पर मुख्य फोकस
वर्ष 1965 में गठित मध्यप्रदेश तैलिक साहू सभा अपने 61वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। नई टीम का शपथ ग्रहण 23 मई को सुबह 11 बजे कचनार क्लब में होगा। राजनीतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष ताराचंद साहू बाड़ी ने बताया कि कार्यक्रम में विधायक संदीप साहू, विधायक रामनिवास शाह, विधायक अभिलाष पांडे, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन और भाजपा अध्यक्ष रत्नेश सोनकर भी मौजूद रहेंगे। बैठक में समाज की अनुपातिक राजनीतिक भागीदारी और सामाजिक उत्थान के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
महिला सशक्तिकरण सम्मेलन और लघु उद्योग प्रदर्शनी
महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय व प्रदेश अध्यक्ष आभा साहू ने बताया कि 23 मई को दोपहर 2 बजे से होने वाले राष्ट्रीय महिला सम्मेलन में देश के सभी राज्यों की प्रतिनिधि और मध्यप्रदेश के सभी 56 जिलों की महिला अध्यक्ष अपनी टीम के साथ भाग लेंगी। स्थानीय लघु उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए जबलपुर की पहचान संगमरमर से बनी वस्तुओं की प्रदर्शनी और एक स्वास्थ्य शिविर भी लगेगा। संरक्षक डॉ हेमराज साहू और महासचिव अनिल साहू अकेला ने बताया कि सफल संचालन के लिए विभिन्न समितियां बनाई गई हैं। इस दौरान एड रमेश के साहू, हितेश साहू, श्रीकान्त साहू और डॉ पुरुषोत्तम साहू भी उपस्थित थे।
