शहर के शक्तिनगर में रात के पीक लोड के समय आई खराबी को विभाग की विशेष टीम ने सूझबूझ से संभाला, उपभोक्ताओं को अंधेरे के संकट से बचाया
जबलपुर। नौतपा की भीषण गर्मी के बीच जबलपुर शहर के उपभोक्ताओं को बिना किसी रुकावट के लगातार बिजली देने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पिछले एक सप्ताह से पूरी ताकत से जुटे हुए हैं। इसी दौरान 27 मई की दरमियानी रात शक्तिनगर में मानस मंदिर के पास एक 200 केव्हीए का ट्रांसफार्मर अचानक जल गया। अधीक्षण अभियंता,सिटी संजय अरोरा ने बताया कि इस आपातकालीन स्थिति में रात्रि के समय पीक लोड होने के बावजूद बिजली कंपनी के विशेष दस्ते ने क्रेन की मदद से महज 3:30 घंटे में नया ट्रांसफार्मर लगा दिया। सबसे बड़ी बात यह रही कि सहायक अभियंता अर्जुन सिंह और कनिष्ठ अभियंता उमंग राय की टीम ने बिना मुख्य फीडर को बंद किए, केवल एबी स्विच काटकर इस पूरे कार्य को रात 3 बजे तक सफलतापूर्वक पूरा कर लिया, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को लगातार बिजली मिलती रही।
अफसरों ने मौके पर क्रेन बुलाकर शुरू किया काम
श्री अरोरा के मुताबिक, आमतौर पर रात के समय ऐसी दुर्घटना होने पर प्रभावित उपभोक्ताओं की बिजली सप्लाई को पास के दूसरे ट्रांसफार्मर से जोड़ दिया जाता है। शक्तिनगर में भी जब ऐसा प्रयास किया गया, तो इन दिनों पड़ रही अत्यधिक गर्मी के कारण रात 11-00 बजे से 3-00 बजे के पीक लोड के दौरान आस-पास के ट्रांसफार्मरों पर दबाव बहुत ज्यादा बढ़ गया। इसके चलते उनके फ्यूज बार-बार उड़ने लगे और उनके भी पूरी तरह फेल होने का खतरा पैदा हो गया था। इस गंभीर स्थिति को भांपते हुए मौके पर तैनात विशेष दस्ते ने तुरंत निर्णय बदला। शहर के प्रत्येक संभाग में रात की ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा के निर्देश पर पहले से ही विशेष टीमों की तैनाती की गई थी। अधिकारियों ने तुरंत एक क्रेन और उसके ड्राइवर का इंतजाम किया और बिना देर किए नया ट्रांसफार्मर मौके पर मंगवाया।
सिर्फ एबी स्विच काटकर कर दिया सुधार
इस पूरे ऑपरेशन की सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए पूरे क्षेत्र की बिजली बंद न करनी पड़े। इसके लिए तकनीकी टीम ने बेहद समझदारी से काम लिया। टीम ने मुख्य फीडर को चालू रखा और केवल संबंधित एबी स्विच को काटकर सुरक्षा सुनिश्चित की। क्रेन की मदद से पुराने जले हुए भारी-भरकम ट्रांसफार्मर को उतारा गया और उसकी जगह नया 200 केव्हीए का ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया। मध्य रात्रि में शुरू हुआ यह चुनौतीपूर्ण कार्य तड़के 3 बजे तक पूरी तरह संपन्न हो गया। इस दौरान क्षेत्र के अन्य उपभोक्ताओं की बिजली एक पल के लिए भी बंद नहीं हुई। बिजली कंपनी के इस अनूठे और सफल प्रयास ने यह साबित कर दिया है कि मैदानी स्तर पर उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा देने के लिए विभाग पूरी तरह संकल्पित है।
