khabar abhi tak

जबलपुर के तीन तस्कर कटनी में गिरफ्तार, दो अलग-अलग कार्रवाई में पकड़े गए, 14 किलो से अधिक गांजा जब्त

 

जबलपुर/कटनी. जिला पुलिस ने अवैध नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 14 किलोग्राम से अधिक अवैध गांजा जब्त किया है। इस मामले में जबलपुर निवासी तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। शुक्रवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार डेहरिया ने इन मामलों का खुलासा किया।

पहली कार्रवाई 6 मई को लमतरा ओवरब्रिज के आगे कच्चे मार्ग पर हुई। पुलिस की शैडो एरिया चेकिंग टीम ने पीठ पर पिट्ठू बैग टांगे पैदल जा रहे दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका। तलाशी के दौरान उनके बैग से सफेद सेलो टेप से लिपटे 7 पैकेट बरामद हुए। इनमें कुल 11 किलो 116 ग्राम कलीयुक्त हरा गांजा मिला। जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप गुप्ता (40 वर्ष), निवासी साउथ सिविल लाइन, जबलपुर और आशीष साहू (38 वर्ष), निवासी गोसलपुर, जिला जबलपुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी कुलदीप गुप्ता का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ पूर्व में भी दहेज प्रताडऩा और आर्म्स एक्ट के गंभीर मामले दर्ज हैं। दूसरी कार्रवाई रंगनाथनगर थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान हुई। ओएफके स्टेडियम के सामने मुख्य मार्ग पर एक युवक संदिग्ध अवस्था में बैग लेकर खड़ा था। पुलिस को देखते ही उसने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

तलाशी लेने पर उसके बैग से 2 किलो 918 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही वैधानिक पंचनामा तैयार कर आरोपी रोहित कोल (20 वर्ष), निवासी ग्राम पतरोई, थाना सिहोरा, जिला जबलपुर को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम) की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा के तहत जेल भेज दिया गया है

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak