khabar abhi tak

एमपी : पुलिस चौकी में कॉन्स्टेबल ने फांसी लगाकर किया सुसाइड, एसडीओपी बोले- ड्यूटी नहीं थी

छतरपुर. एमपी के छतरपुर जिले के नौगांव बस स्टैंड स्थित बंद पड़ी पुलिस चौकी में शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे एक कॉन्स्टेबल का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है। हालांकि, अभी कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतक की पहचान तरुण गंधर्व (उम्र 35 से 40 वर्ष) के रूप में हुई है। तरुण मूल रूप से सागर जिले के रहने वाले थे। वर्तमान में नौगांव थाने में पदस्थ थे।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारियों ने चौकी को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना करने के बाद शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। एफएसएल की टीम ने भी घटना स्थल की जांच की है।

मामले में एसडीओपी अमित मेश्राम ने बताया- हो सकता है कि कॉन्स्टेबल तरुण गंधर्व तनाव में हो। उसने जहां फांसी लगाई, वह पुरानी और निष्क्रिय चौकी है। उसके सामने नई पुलिस चौकी है। वहीं सभी की पदस्थापना है।

एसडीओपी के मुताबिक, कॉन्स्टेबल नौगांव थाना क्षेत्र के गहरौली रोड पर पत्नी और डेढ़ से दो साल की बच्ची के साथ रहता था। उसकी रात में थाने और पुलिस चौकी में ड्यूटी नहीं थी। उसका शव सिविल कपड़े में मिला है। वह चौकी कैसे पहुंचा? क्या वजह थी? इसकी जांच की जा रही है। उसके बूढ़े मां-बाप भी हैं जो सागर में रहते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak