पन्ना. मध्य प्रदेश की पन्ना पुलिस ने सरकारी नौकरी और मार्कशीट पर लोन दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने जबलपुर, दमोह व कटनी में अलग-अलग लोगों को अपना शिकार बनाकर कुल 10 लाख 79 हजार रुपए हड़पे थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपी का असली नाम महेश चंद्र (42 वर्ष) है, जो उत्तर प्रदेश के महोबा जिले का रहने वाला है। वह लोगों को धोखा देने के लिए धीरेंद्र सिंह ठाकुर नाम का फर्जी आधार कार्ड इस्तेमाल करता था। आरोपी को महोबा के ननौरा गांव से पकड़ा गया है और एएसपी ने सोमवार 18 मई को इस पूरे मामले का खुलासा किया।
ऐसे झांसा देकर लगातार था चूना
ठगी का शिकार हुए वृंदावन प्रजापति ने बताया कि करीब 9 महीने पहले उसकी मुलाकात आरोपी से हुई थी। आरोपी ने उसे 20 लाख रुपए का लोन दिलाने का लालच दिया और फाइल चार्ज और कमीशन के नाम पर 4 लाख 94 हजार रुपए ठग लिए। इसी तरह, आरोपी ने दो अन्य युवकों-विनोद कुमार प्रजापति और विवेक गुप्ता को भी महिला बाल विकास विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपए ऐंठ लिए।
पुलिस ने ऐसे की गिरफ्तारी
धोखाधड़ी का पता चलने पर पीडि़तों ने 9 मई 2026 को सिमरिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। साइबर सेल ने बैंक ट्रांजैक्शन और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी का सुराग लगाया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार किया।
आरोपी के पास मिला सामान
3 लाख रुपए नकद, दो स्मार्ट फोन, 50 हजार रुपये की सोने की अंगूठी, फर्जी आधार कार्ड और जाली जॉइनिंग लेटर, आरोपी की पत्नी की बैंक पासबुक
जबलपुर सहित इन जिलों के लोगों को बनाया शिकार
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि उसने पन्ना के अलावा दमोह, कटनी और जबलपुर में भी 10 से ज्यादा लोगों को इसी तरह अपना शिकार बनाया है। पुलिस अब उन अन्य ठगी के मामलों की भी जांच कर रही है।
