नई दिल्ली। रेलवे स्टेशनों पर सफाई, सुरक्षा, निर्माण और माल ढुलाई जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में लगे लाखों आउटसोर्स और अनुबंध कर्मियों-श्रमिकों की न्यूनतम पारिश्रमिक प्रतिदिन 200-400 रुपये बढ़ा दी है। नई दरें एक अप्रैल 2026 से प्रभावी मानी जाएंगी, जिससे कर्मियों को पिछले महीनों के बकाया एरियर का लाभ मिलेगा। अब मूल मानदेय के साथ संशोधित महंगाई भत्ता जोड़कर मिलेगा।
तीन श्रेणियों में होता है भुगतान
रेलवे में कर्मियों को तीन भौगोलिक श्रेणियों (ए, बी और सी) के आधार पर भुगतान किया जाता है। ए एरिया में दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, अहमदाबाद, पुणे जैसे महानगर। बी एरिया में प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, आगरा, मेरठ, पटना, जयपुर और अन्य प्रमुख शहर। जबकि सी एरिया में उपरोक्त शहरों के अलावा वाले स्थान शामिल हैं।
बी श्रेणियों के शहरों में नई दरें
बी श्रेणी के शहरों में अब नई दरें इस प्रकार होंगी-स्टेशनों और ट्रेनों की सफाई में जुटे अकुशल श्रमिकों को अब न्यूनतम 693 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे। बिना हथियार वाले सुरक्षाकर्मियों के लिए 918 रुपये और हथियारबंद जवानों के लिए 1008 प्रतिदिन की दर तय की गई है। ट्रैक मेंटेनेंस और निर्माण में लगे अर्ध-कुशल श्रमिकों को 781 और कुशल कर्मियों को 918 रुपये प्रतिदिन दिए जाएंगे। लोडिंग और अनलोडिंग कार्य में लगे मजदूरों को अब प्रतिदिन 693 का भुगतान होगा।
रेलवे बोर्ड निदेशक का सभी जोनल रेलवे को निर्देश
रेलवे बोर्ड के निदेशक स्थापना पीयूष कपासी ने पांच मई को सभी जोनल रेलवे को निर्देश दिया है कि वे यह सुनिश्चित करें कि कर्मियों को पूरा भुगतान उनके बैंक खातों में हो। सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि न्यूनतम पारिश्रमिक वृद्धि से आउटसोर्स कर्मियों का मनोबल बढ़ेगा।
श्रेणी क्षेत्र पुरानी दर (31 मार्च तक) नई दर (1 अप्रैल से लागू) कुल वृद्धि
अकुशल ए 523 827 304
अकुशल बी 437 693 256
अकुशल सी 350 556 206
अर्ध-कुशल ए 579 918 339
अर्ध-कुशल बी 494 781 287
अर्ध-कुशल सी 410 650 240
कुशल ए 637 1008 371
कुशल बी 579 918 339
कुशल सी 494 781 287
अति-कुशल ए 693 1094 401
अति-कुशल बी 637 1008 371
अति-कुशल सी 579 918 339
