क्लिंकर में 30 प्रतिशत एवं फ़ूडग्रेन में 27 प्रतिशत अधिक माल लदान शामिल
जबलपुर. पमरे ने महाप्रबंधक के कुशल मार्गदर्शन और निरंतर मॉनिटरिंग के फलस्वरूप वित्तीय वर्ष 2025-26 में माल लदान के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। वाणिज्य और परिचालन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा जबलपुर, भोपाल एवं कोटा तीनों मंडलों में कमोडिटी वाइज फ्रेट लोडिंग को बढ़ाने के लिए किए गए निरंतर प्रयासों के सुखद परिणाम सामने आए हैं।पश्चिम मध्य रेलवे ने इस अवधि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गुड्स ट्रैफिक से कुल 58.07 मिलियन टन फ्रेट लोडिंग की है, जिससे रेलवे को 6079 करोड़ 50 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
वित्तीय वर्ष 2024-25 की समान अवधि से तुलना की जाए, तो पश्चिम मध्य रेल ने गुड्स ट्रैफिक में 10 प्रतिशत और रेल राजस्व में 15 प्रतिशत की प्रभावशाली वृद्धि दर्ज की है। माल लदान की विभिन्न श्रेणियों में रेलवे ने उल्लेखनीय सुधार किया है, जिसमें क्लिंकर और खाद्यान्न (फूडग्रेन) का प्रदर्शन सबसे अग्रणी रहा है।
अन्य कमोडिटी में भी तेजी
विभिन्न कमोडिटी के आंकड़ों पर नजऱ डालें तो क्लिंकर लदान में रेलवे ने 30.43 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी दर्ज की है। इस वर्ष 11.09 मिलियन टन क्लिंकर का लदान किया गया, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा 08.51 मिलियन टन था। इसी प्रकार, खाद्यान्न (फूडग्रेन) के क्षेत्र में भी रेलवे ने शानदार प्रगति की है। पिछले वर्ष के 03.66 मिलियन टन की तुलना में इस वर्ष 04.65 मिलियन टन लदान हुआ, जो कि 27.02 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
कोयला लदान में भी तेजी
ऊर्जा क्षेत्र की जीवनरेखा माने जाने वाले कोयला (कोल) लदान में भी 18 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इस वर्ष कुल 14.52 मिलियन टन कोयले का लदान किया गया, जो पिछले वर्ष 12.03 मिलियन टन था। इसके अतिरिक्त, पीओएल (पेट्रोलियम, ऑयल एवं लुब्रिकेंट) लदान में 10 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 0.90 मिलियन टन और कंटेनर लदान में 1 प्रतिशत की मामूली वृद्धि के साथ 1.12 मिलियन टन माल का परिवहन किया गया।
