जबलपुर। पमरे के जबलपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार 13 अप्रैल को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक-2 श्री शशांक गुप्ता द्वारा आरक्षण कार्यालय जबलपुर का औचक निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन करना तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाना था।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने टिकट बुकिंग काउंटरों की कार्यप्रणाली को बारीकी से देखा। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि यात्रियों को समय पर और सही जानकारी के साथ टिकट उपलब्ध हो रहे हैं। इसके साथ ही नकद लेन-देन की प्रक्रिया की भी जांच की गई, ताकि वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता बनी रहे।
अभिलेखों के संधारण (रिकॉर्ड मेंटेनेंस) की भी समीक्षा की गई। व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, अभिलेखों के रखरखाव और निर्धारित प्रक्रियाओं के पालन में विशेष ध्यान देते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान तत्काल टिकटों के निर्गमन की प्रक्रिया पर विशेष फोकस रखा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि इस प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए और रेलवे द्वारा निर्धारित सभी नियमों का सख्ती से पालन किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना समाप्त हो सके और आम यात्रियों को निर्बाध सुविधा मिल सके।
अधिकारियों ने कर्मचारियों से संवाद भी किया और उन्हें अपने कार्यों में और अधिक सावधानी एवं जिम्मेदारी बरतने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की संतुष्टि रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है ।
निरीक्षण के उपरांत संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। साथ ही, यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि सभी व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं प्रभावी बनें, जिससे यात्रियों को बेहतर सेवाएं प्रदान की जा सकें। रेलवे प्रशासन सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने हेतु सदैव प्रयत्नशील है ।
