जबलपुर. बेंगलुरु-दानापुर संघमित्रा सुपरफास्ट एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे 35 साल के राहुल नामक यात्री की बुधवार को अचानक तबीयत खराब हो गई। नरसिंहपुर स्टेशन पहुंचने से पहले उन्हें सांस लेने में दिक्कत, चक्कर और घबराहट की समस्या उत्पन्न होने लगी, यात्री की हालत देख अन्य यात्रियों में हड़कम्प मच गया. तुरंत ही टीटीई को सूचित किया गया, जिसने कंट्रोल को खबर की, जिसके बाद ट्रेन के नरसिंहपुर स्टेशन पहुंचने पर रेलवे के डाक्टर व स्टाफ पहुंचे और यात्री का इलाज किया.
बताया जाता है कि यात्री की हालत बिगड़ते देख फौरन रेलवे के अधिकारियों को सूचना दी गई। जैसे ही ट्रेन नरसिंहपुर स्टेशन पहुंची, रेलवे डॉक्टर आर.आर. कुर्रे अपनी टीम के साथ वहां तैनात मिले। उन्होंने राहुल की जांच की और उन्हें जरूरी दवाइयां और प्राथमिक इलाज दिया।
डॉक्टर ने राहुल को सलाह दी कि उनकी हालत को देखते हुए आगे का सफर करना ठीक नहीं है और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती हो जाना चाहिए। हालांकि, दवा मिलने के कुछ देर बाद ही राहुल की हालत में काफी सुधार हो गया। ठीक महसूस होने पर उन्होंने अस्पताल जाने से मना कर दिया और अपनी यात्रा जारी रखी। समय पर मदद मिलने से खुश होकर यात्री ने रेलवे प्रशासन और डॉक्टर का शुक्रिया अदा किया।
