भोपाल. प्रदेश के शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी के द्वारा करैरा एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ को धमकाने के मामले में अब (इंडियन पुलिस सर्विस) आईपीएस एसोसिएशन लामबंद हो गया है. एसोसिएशन ने पत्र सरकार को लिखकर विधायक प्रीतम लोधी की भाषा को अशोभनीय और अमर्यादित बताते हुए कार्रवाई की मांग भी की है।
आईपीएस एसोसिएशन ने पत्र में लिखा है- पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी द्वारा करैरा एसडीओपी आयुष जाखड़ (भापुसे) के संबंध में मीडिया में वायरल वीडियो में जिस प्रकार की अभद्र, अमर्यादित एवं धमकी भरी भाषा का प्रयोग किया गया है, वह अत्यंत निंदनीय एवं सार्वजनिक जीवन की गरिमा के विपरीत है। उक्त वीडियो में डॉ. आयुष जाखड़ नव नियुक्त पुलिस अधिकारी एवं उनके परिवार के प्रति की गई अपमानजनक टिप्पणियां तथा दी गई धमकियां पूर्णत: अमर्यादित एवं अशोभनीय हैं। यह आचरण एक जनप्रतिनिधि के पद की मर्यादा के विपरीत है तथा इससे प्रशासनिक तंत्र एवं समस्त अधिकारियों के मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
भाषा स्वीकार्य नहीं, कार्रवाई हो
पत्र में आगे लिखा गया है- जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा की जाती है कि वे अपने आचरण एवं भाषा को संयमित और मर्यादित रखें। इस प्रकार की अमर्यादित भाषा एवं धमकीपूर्ण व्यवहार किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वीकार्य नहीं है और यह प्रशासनिक तंत्र की निष्पक्षता को आहत करता है। मध्यप्रदेश भारतीय पुलिस सेवा संघ इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करता है एवं उचित कार्यवाही की मांग करता है।
विधायक प्रीतम लोधी ने दी है धमकी
बता दें कि बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी के एक के बाद एक तीन वीडियो सामने आए हैं जिनमें वो एसडीओपी को धमकाते नजर आ रहे हैं। एक वीडियो में धमकाते हुए कह रहे हैं कि करैरा क्या तुम्हारे डैडी का है जबकि दूसरे में कह रहे हैं कि, मेरा हाथ पहले ढाई किलो का था, लेकिन अब ढाई सौ किलो का हो गया है, इसकी (एसपी, एसडीओपी) बेचैनी दूर कर दूंगा। प्रीतम लोधी यहीं नहीं रुके उन्होंने आगे ये भी कहा कि, 10 हजार लोगों को ले जाकर एसडीओपी के बंगले को गोबर से भर दूंगा। साथ ही, उन्होंने शिवपुरी एसपी से स्पष्टीकरण मांगते हुए पूछा कि, बताए दिल्ली से इनको कौन चला रहा है? कौन फरमान दे रहा है? मोदी, अमितशाह या सिंधिया? इतना ही नहीं, उन्होंने नए वीडियो में शिवपुरी पुलिस को भी 15 दिन की खुली चुनौती दे दी है।
जानिए क्या है पूरा मामला
करैरा थाना अंतर्गत तहसील के पास 16 अप्रैल को पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी ने तेजी व लापरवाही से थार गाड़ी चलाते हुए 5 लोगों को टक्कर मार दी थी। घटना के बाद आरोपी दिनेश लोधी ने घायलों को धमकाया भी था जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में वो घायलों से कह रहा था कि उसने सायरन और हॉर्न बजाया था, फिर भी वे क्यों नहीं हटे। उसने तब बाइक सवारों से यह भी पूछा था कि वो तीन सवारियों को बैठाकर बाइक लहराकर क्यों चला रहे थे। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया था और एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ ने दिनेश लोधी को थाने में तलब किया था और गाड़ी पर हूटर व विधायक नेम प्लेट लगी होने के साथ ही शीशों पर काली फिल्म लगी होने के कारण चालानी कार्रवाई की थी।
