जबलपुर। आनंद कॉलोनी बलदेवबाग उखरी क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है जहाँ 18 वर्षीय छात्रा स्वर्णलता वरमैया ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मूल रूप से कपिल वरमैया के परिवार की सदस्य स्वर्णलता पिछले 6-7 माह से किराए के मकान में अपने भाई और कजिन बहन कर्णिका के साथ रहकर पढ़ाई कर रही थी। स्वर्णलता बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी जबकि उसका भाई बीटेक और कर्णिका बीपीटी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं। घटना के समय स्वर्णलता ने सुबह 10 बजे अपने भाई को जगाकर कपड़े धोने और नहाने जाने की बात कही थी। दोपहर 1 बजे जब भाई की नींद खुली तो स्वर्णलता कहीं नजर नहीं आई। संदेह होने पर जब बाथरूम का दरवाजा खटखटाया गया और भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो भाई ने दरवाजे के झरोखे से हाथ डालकर कुंडी खोली। अंदर स्वर्णलता वेंटीलेशन की रॉड से अपनी चुनरी के फंदे पर लटकी मिली। परिजन उसे तत्काल निजी अस्पताल ले गए जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से महिला संबंधी बीमारी से ग्रसित और परेशान थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
