पुलिस को पूछताछ में पप्पू की पत्नी उमा रजक ने बताया कि वे लोग अपने जेठ की लड़की की शादी में शामिल होने के लिए सागर्र के बंडा स्थित बरा गांव गए थे। वहां उनके पति और घर के अन्य सदस्य खाना खा रहे थे। तभी परिवार के ही एक युवक ने पति पप्पू रजक से किसी व्यक्ति के बारे में पूछा। जब पति ने उसे पहचानने से इनकार कर दिया, तो उस युवक ने मारपीट करते हुए उनके सीने में लात मार दी। जिससे पप्पू वहीं गिरकर बेहोश हो गए। परिजनों ने देखा तो देर रात ही सागर से पप्पू को दमोह स्थित जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर डाक्टरों ने पप्पू रजक उम्र 45 वर्ष को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
महिला के साथ भी की मारपीट-
उमा रजक ने बताया कि जब वह अपने पति को बचाने पहुंचीं, तो उन्हें भी मारा गया। घटना के बाद वे पति को लेकर थाने गए, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट लिखने के बजाय उन्हें अस्पताल भेज दिया। इसके बाद वे दमोह जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने पप्पू को मृत घोषित कर दिया।
पहचानने से इनकार करने पर की मारपीट-
मृतक के भाई जीवन ने भी घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि देर रात बरा गांव में वह, उनके भाई करण और पप्पू खाना खा रहे थे। तभी परिवार का ही एक युवक, जो राहुल का साला बताया जा रहा है, खाना परोसने के लिए वहां पहुंचा। उसने पप्पू से पूछा कि क्या वह शंकर राव को जानते हैं। जब पप्पू ने पहचानने से इनकार किया, तो उस युवक ने खाना परोसने वाला बर्तन नीचे रखकर उनके सीने में लात मार दी।