दूल्हे की गाड़ी खराब होने से लेट हो गई थी बारात-
जानकारी के अनुसार, मैहर जिले के अमदरा गांव निवासी सीताराम बर्मन के परिवार की बारात कटनी के इंदिरा नगर आ रही थी। जिस गाड़ी में दूल्हा बैठा था, वह रास्ते में खराब हो गई। इसके चलते बारात करीब दो घंटे देरी से लगी। रात करीब 1.30 बजे जब बारात, दुल्हन के घर से 50 मीटर दूर थी, तभी कुठला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि पुलिस ने बिना किसी बातचीत के बारातियों को धक्का देना शुरू कर दिया। बारातियों द्वारा विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। इसके बाद पुलिस मौके से चली गई।
महिलाओं और बच्चों को भी डंडे मारने का आरोप-
कुछ देर बाद वही पुलिसकर्मी अतिरिक्त फोर्स लेकर दुल्हन के घर पहुंचे और लाठीचार्ज कर दिया। पीडि़त पक्ष ने बताया कि पुलिस ने घर के अंदर घुसकर भी मारपीट की। इस दौरान बीच-बचाव करने आईं महिलाओं और बच्चों को लाठी-डंडे मारे। इससे दुल्हन के भाई आकाश चौधरी और दूल्हे के चाचा सहित कई लोगों के हाथ फ्रैक्चर हो गए हैं। कुछ लोगों के सिर में गंभीर चोटें भी आई हैं।
पुलिस की मारपीट में इन्हे आई है चोटें-
पुलिस द्वारा की गई मारपीट में संजय चौधरी, मनोज कुमार चौधरी, आकाश चौधरी, रमेश चौधरी, सुमन बाई, राजकुमार चौधरी, अजय चौधरी, भगवती चौधरी, नीरज चौधरी, विकास चौधरी, सुदामा चौधरी, शुभम चौधरी, सीताराम वर्मा, श्रोती वर्मा को चोटें आई है।
पुलिस ने कहा, बारातियों ने शराब पीकर किया पथराव-
इधर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बारात लेट होने को लेकर दोनों पक्षों का आपस में झगड़ा हो गया था। जिसके बाद डायल 112 को कॉल करके बुलाया गया। मौके पर मौजूद कई लोग नशे में थे। पुलिस उन्हें समझा रही थी, उसी दौरान बारातियों की तरफ से पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया। घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिन्होंने दोषियों को ढूंढकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस जब वहां पहुंची, तो शादी वाले घर में मौजूद लोगों ने पत्थरबाजी और गाली-गलौज करते हुए पुलिस के साथ मारपीट कर दी। 4-5 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है।