जबलपुर। वेस्ट सेंट्रल रेलवे के नवागत महाप्रबंधक श्री दिलीप कुमार सिंह ने आज मंगलवार, 21 अप्रैल को जबलपुर-मानिकपुर रेलखंड पर अपना पहला विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षित रेल संचालन के लिए बारीकी से ट्रैक, ओएचई लाइन, लेवल क्रासिंग का अवलोकन किया और आवश्यक निर्देश भी दिये.
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रेलवे ट्रैक से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं जैसे पुलों (रेलवे ब्रिजों), ट्रैक की गुणवत्ता, ओएचई लाइनों, समपार फाटक (लेवल क्रॉसिंग), कर्व, टर्नआउट, सिग्नलिंग प्रणाली एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं का गहन एवं सूक्ष्म अवलोकन किया। इस निरीक्षण का प्रमुख उद्देश्य रेल संरक्षा को सुदृढ़ करना, ट्रैक की गुणवत्ता बनाए रखना तथा ट्रेन संचालन को अधिक सुचारू बनाना रहा।
महाप्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए ट्रैक मेंटेनेंस, सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन तथा समयबद्ध संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया। साथ ही उन्होंने यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर मण्डल रेल प्रबंधक जबलपुर श्री कमल कुमार तलरेजा सहित वरिष्ठ मण्डल परिचालन प्रबंधक, वरिष्ठ मण्डल इंजीनियर समन्वय एवं अन्य विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे तथा निरीक्षण के दौरान आवश्यक तकनीकी एवं संचालन संबंधी जानकारी दी गई।
