khabar abhi tak

एमपी : टाइगर ने महिला को जबड़े में दबाया, साथियों ने ऐसे बचाई जान

पन्ना. एमपी के पन्ना जिले के महुआ टोला क्षेत्र में एक टाइगर ने महिला पर हमला कर उसे जंगल की ओर खींचकर ले जा रहा था. महिला के प्राण पखेरू पल भर में निकलने ही वाले थे कि बाकी ग्रामीणों ने हिम्मत जुटाकर टाइगर के हमले को नाकाम कर दिया और जैसे-तैसे महिला को मौत के मुंह में जाने से बचा लिया.

घटना शुक्रवार 9 अप्रैल की शाम की है जब महिला महुआ बीनने जंगल की ओर गई हुई थी. इसी दौरान घात लगाए बैठे टाइगर ने महिला पर हमला कर दिया और उसकी टांग जबड़े में फंसाकर घसीटने लगा. महिला की चीख सुनते ही उसके साथियों ने हिम्मत दिखाई और भागने के बजाए डंडों के साथ जमकर शोर मचाया, जिससे बाघ घबरा गया और महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया. इसके बाद गंभीर रूप से घायल हुई महिला को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

महुआ बीनने साथ निकले थे ग्रामीण

ग्रामीणों के मुताबिक इन दिनों महुए का सीजन चल रहा है, इसलिए लोग रोज की तरह महुआ बीनने निकले थे. रामकली भी चार-पांच अन्य साथियों के साथ महुआ बीनने निकली थी कि तभी बाघ ने अचानक हमला बोल दिया. बाघ झाड़ी में छिपकर बैठा था और रामकली समझ भी नहीं पाई कि अचानक क्या हुआ. तभी बाघ ने उसके पैर पर अपने दांत गड़ाए और घसीटने लगा. इसके बाद सबने जमकर शोर किया और लकडिय़ां बाघ की ओर फेंकनी शुरू की, जिसके बाद वो भाग गया. रेंजर अजय वाजपेयी के मुताबिक यह घटना पन्ना की विश्रमगंज रेंज अंतर्गत टगर के बीट क्रमांक 299 की है. यह क्षेत्र महुआ टोला के अंतर्गत आता है. पीडि़त महिला की पहचान रामकली आदिवासी (35) के रूप में हुई है. महिला का जिला चिकित्सालय में इलाज जारी है.

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak