जबलपुर। मध्यप्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय द्वारा जारी बीडीएस अंतिम वर्ष के परीक्षा परिणामों में जबलपुर की अनन्या मिश्रा ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अधारताल के न्यू राम नगर की निवासी अनन्या ने पूरे प्रदेश की प्रावीण्य सूची में टॉप-10 में स्थान प्राप्त कर अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का लोहा मनवाया है। हितकारिणी डेंटल कॉलेज एवं हॉस्पिटल की इस मेधावी छात्रा की सफलता से कॉलेज प्रबंधन और सहपाठियों के बीच उत्साह व्याप्त है। अनन्या ने इस कामयाबी का पूरा श्रेय अपनी माता मीरा मिश्रा, पिता संजय मिश्रा और अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है। स्नातक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद उन्होंने अब एमडीएस के माध्यम से दंत चिकित्सा के क्षेत्र में विशेषज्ञता प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उनकी इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर शहर के गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके सुखद भविष्य की कामना की है।
