कटनी. एमपी के कटनी में पुलिस ने नकली और अवैध तंबाकू उत्पादों के खिलाफ बड़ी छापेमारी की। शहर के मुख्य थोक व्यापारियों के ठिकानों पर अचानक दबिश दी गई। पुलिस ने इस दौरान पश्चिम बंगाल की प्रसिद्ध कंपनी के नाम पर बेची जा रही नकली बीड़ी का जखीरा बरामद किया। साथ ही भारी मात्रा में इंडोनेशिया निर्मित प्रतिबंधित सिगरेट भी जब्त की गई।
कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई अंजली ट्रेडिंग कंपनी के लीगल एडवाइजर कुनाक कुमार घोष की मौजूदगी में की। एडवाइजर के अनुसार, उनकी कंपनी कैलकुलेटर ब्रांड नाम से बीड़ी का उत्पादन और बिक्री करती है।
कंपनी और सरकार को राजस्व का नुकसान
सूचना मिली थी कि कटनी में कुछ सिंडिकेट कंपनी के ब्रांड और मोनोग्राम का अवैध इस्तेमाल कर घटिया बीड़ी बेच रहे थे। इससे न केवल कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा था, बल्कि सरकार को मिलने वाला राजस्व भी चोरी हो रहा था।
चेतावनी के बावजूद जारी अवैध कारोबार
अधिकारियों ने बताया कि जबलपुर और दिल्ली हाईकोर्ट पहले ही ऐसे अवैध कारोबार पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दे चुके थे। बावजूद इसके, कटनी में यह कारोबार जारी था।
पुलिस ने यह कहा
अवैध कारोबार की पुख्ता शिकायत मिलने पर कंपनी के प्रतिनिधि ने कटनी एसपी अभिनव विश्वकर्मा से संपर्क किया। गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए। कोतवाली पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से शहर के चिन्हित थोक तंबाकू व्यापारियों की दुकानों पर दबिश दी और नकली बीड़ी व प्रतिबंधित सिगरेट जब्त की।
