जबलपुर के पनागर क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन टूटने से फसल जलकर खाक
जबलपुर। पनागर के ग्राम जाटवां सरसवां में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। खेत के ऊपर से गुजर रही 11 केवी की हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया। इस घटना से किसान नितिन विश्वकर्मा के खेत में खड़ी गेहूं की फसल में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 3 एकड़ में फैली तैयार फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। फसल के साथ ही खेत में बिछी सिंचाई की पाइप लाइन भी आग की भेंट चढ़ गई। पीड़ित किसान और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जर्जर तारों के कारण भड़की भीषण आग
जानकारी के मुताबिक यह हादसा दोपहर करीब 12 बजे हुआ। नितिन विश्वकर्मा पिता संतोष विश्वकर्मा के खेत में जब बिजली का तार गिरा, तो उससे निकली चिंगारियों ने सूखी फसल को तुरंत पकड़ लिया। उस समय चल रही तेज हवाओं ने आग को और भड़का दिया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर संसाधनों का उपयोग कर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि उन पर काबू पाना संभव नहीं हो सका। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग के तार काफी पुराने और जर्जर हो चुके हैं। लंबे समय से मेंटेनेंस न होने की वजह से आए दिन इस तरह के खतरे बने रहते हैं।
मुआवजे की मांग और उग्र आंदोलन की चेतावनी
हादसे के बाद गांव में भारी रोष व्याप्त है। किसान नितिन विश्वकर्मा ने प्रशासन से अपील की है कि मौके का पंचनामा तैयार कर नुकसान का सर्वे कराया जाए ताकि उन्हें उचित मुआवजा मिल सके। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि विभाग ने जल्द ही पुराने तारों को नहीं बदला, तो वे सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करने के लिए विवश होंगे। शासन से मांग की गई है कि गरीब किसान की आर्थिक स्थिति को देखते हुए जल्द से जल्द राहत राशि प्रदान की जाए।
