khabar abhi tak

संसद में विपक्ष का जश्न करोड़ों महिलाओं की आकांक्षाओं का अपमान: भाजपा



जबलपुर। लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को प्रभावी बनाने वाले 131वें संविधान संशोधन विधेयक के मार्ग में बाधा उत्पन्न कर विपक्षी गठबंधन ने अपनी असली मानसिकता उजागर कर दी है। जबलपुर में पत्रकार वार्ता के दौरान भिंड सांसद संध्या राय ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, डीएमके और उनके सहयोगी दलों ने महिलाओं को मिलने वाले 33 प्रतिशत आरक्षण के ऐतिहासिक अवसर को बाधित कर करोड़ों महिलाओं के अधिकारों के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने संसद में विपक्ष द्वारा इस गतिरोध पर मनाए गए जश्न को देश की आधी आबादी का अपमान बताया।

संवैधानिक प्रक्रियाओं पर विपक्ष द्वारा भ्रम फैलाने का आरोप

​सांसद संध्या राय ने स्पष्ट किया कि भारतीय संविधान के अनुसार लोकसभा और विधानसभाओं का पुनर्गठन जनगणना के बाद परिसीमन आयोग द्वारा ही किया जाता है। उन्होंने वर्ष 2001 की जनगणना के बाद अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के उस निर्णय का उल्लेख किया जिसमें 2026 के बाद पहली जनगणना तक परिसीमन स्थगित रखने की बात कही गई थी ताकि दक्षिणी राज्यों के हितों की रक्षा हो सके। इसके बावजूद विपक्ष जनता के बीच भ्रम फैला रहा है। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह के बयान का हवाला देते हुए कहा कि परिसीमन से किसी भी राज्य के साथ अन्याय नहीं होगा और संतुलित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाएगा।

भाजपा की महिला सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता

​सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने महिलाओं को केवल वादे नहीं दिए बल्कि तीन तलाक से मुक्ति, शौचालय, बैंक खाते और स्वास्थ्य सुविधाओं के माध्यम से उन्हें सशक्त बनाया है। उन्होंने प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा महिलाओं के लिए उपयोग की गई भाषा को भारतीय संस्कृति के विरुद्ध बताया। राय ने चेतावनी दी कि देश की 70 करोड़ महिलाएं इस घटनाक्रम को देख रही हैं और इसका जवाब आगामी समय में देंगी। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, महिला मोर्चा अध्यक्ष रूपा राव, डॉ स्वाति गोडबोले, सुषमा जैन, शोभना बिलैया, रत्ना श्रीवास्तव, सुमन यादव, श्रीकान्त साहू, पंकज दुबे, रंजीत पटेल, रवि शर्मा और चित्रकान्त शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak