khabar abhi tak

जबलपुर : नगर निगम ने गोरखपुर गुरुद्वारा रोड पर चलाया बुलडोजर, अवैध सब्जी मार्केट हटाया

जबलपुर। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, एवं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में गोरखपुर गुरुद्वारे के सामने लंबे समय से काबिज अतिक्रमण को हटाने के लिए चलाए गए संयुक्त अभियान के बाद क्षेत्र की सूरत बदली हुई नजर आई। शहर के यातायात को सुगम बनाने और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त करने की दिशा में जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस बल की इस कार्रवाई की नागरिकों ने प्रशंसा की है.

गुरुद्वारा मार्ग, जो पहले सब्जी मंडी और अवैध ठेलों के कारण संकरा हो गया था, अब पूरी तरह व्यवस्थित और चौड़ा नजर आ रहा है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि अतिक्रमण हटने से ग्राहकों का उनकी दुकानों तक पहुंचना आसान हो गया है, जिससे व्यापार को सुगमतापूर्वक किया जा सकेगा।

सब्जी मार्केट के हटने से क्षेत्र में साफ-सफाई बेहतर हुई है और भीड़ कम होने से सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत हुई है। जिला, नगर निगम और पुलिस प्रशासन की इस संयुक्त टीम ने बिना किसी भेदभाव के पूरी निष्पक्षता के साथ कार्यवाही की है। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यह अभियान न केवल शहर के सौंदर्यीकरण के लिए जरूरी था, बल्कि स्वच्छता के लिए भी जरूरी था। प्रशासन की यह कार्यवाही बहुत ही सराहनीय है।

पहले गुरुद्वारे जाने वाले श्रद्धालुओं और आम जनता को घंटों जाम से जूझना पड़ता था। अब मार्ग व्यवस्थित है और हम इस पारदर्शिता के लिए अधिकारियों को धन्यवाद देते हैं। अक्सर देखा जाता था कि गुरुद्वारे के सामने मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से सब्जी मार्केट सज जाता था, जिससे न केवल गंदगी फैलती थी बल्कि यातायात भी पूरी तरह बाधित रहता था। कार्यवाही के बाद अब यहाँ शांति और व्यवस्था कायम है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में पुन: अतिक्रमण न हो, इसके लिए नियमित निगरानी रखी जाएगी। 

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak