जबलपुर। जबलपुर के पड़रिया आवास ग्राम पंचायत में पोषण पखवाड़े के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महिलाओं को पौष्टिक आहार के महत्व के साथ-साथ बाल विवाह रोकने का भी संदेश दिया गया।
महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी आराधना गर्ग के मार्गदर्शन में हुए इस कार्यक्रम में पोषण प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें महिलाओं को पौष्टिक आहार और व्यंजन बनाने की जानकारी दी गई, साथ ही संतुलित आहार से स्वास्थ्य सुधारने के तरीके भी बताए गए। सुपरवाइजर स्नेहलता ने विशेष रूप से अक्षय तृतीया पर होने वाले बाल विवाहों को रोकने का संदेश दिया। उन्होंने जोर दिया कि बालिकाओं को शिक्षा देना उनका अधिकार है। समाज को उन्हें आगे बढ़ाने के लिए जागरूक होना चाहिए। इस संदेश को घर-घर तक पहुंचाने के लिए एक रैली भी निकाली गई। स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देते हुए एएनएम आशा चौधरी ने समय पर टीकाकरण और नियमित स्वास्थ्य जांच की सलाह दी। वहीं, सीएचओ श्वेता पाल ने स्वच्छ पानी, साफ-सफाई और संतुलित भोजन के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में जनपद सदस्य गीता महोबिया, राहुल रजक, सरपंच रजनी रजक और एमपीडब्ल्यू दिलीप श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इमली सेक्टर की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।