khabar abhi tak

तमिलनाडु में पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 16 की मौत, कई गंभीर

चेन्नई. तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में रविवार को एक पटाखा निर्माण इकाई में हुए जबर्दस्त विस्फोट में अब तक 16 लोगों की मौत हो गई है, जिनके शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कई अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। दर्जनों लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

यह धमाका कट्टनारपट्टी क्षेत्र स्थित एक क्रैकर यूनिट में हुआ, जिसकी तीव्रता इतनी अधिक थी कि देखते ही देखते पास की चार अन्य यूनिट्स भी इसकी चपेट में आ गईं। विस्फोट के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई। धमाके की गूंज दूर-दूर तक सुनाई दी और आसपास की कई इमारतों को भी नुकसान पहुंचा।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। टीमें लगातार मलबा हटाकर फंसे लोगों को निकालने में जुटी हैं। प्रशासन ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी और दुर्घटना से बचा जा सके।

प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, विस्फोट के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि हादसा पटाखा निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते हुआ हो सकता है। हालांकि, सटीक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। घायलों को हर संभव चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और तनाव का माहौल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak