जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने सेशन कोर्ट नंबर 33 के अतिरिक्त जिला जज के चालक पर जानलेवा हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना प्रेमसागर पुलिस चौकी के समीप घटित हुई। जानकारी के मुताबिक हनुमानताल निवासी रत्नेश बेन एडीजे कोर्ट नंबर 33 में वाहन चालक के पद पर कार्यरत हैं। कल रात करीब 9:15 बजे रत्नेश अपने घर के बाहर खड़े थे, तभी वहां इलाके के ही तीन बदमाश काले नन्हेट, राकेश नन्हेट और शेरू नन्हेट पहुंच गए। इन आरोपियों ने अचानक रत्नेश को चारों तरफ से घेर लिया। हमले के दौरान राकेश नन्हेट ने रत्नेश को पीछे से मजबूती से दबोच लिया ताकि वह बचाव न कर सके, तभी काले नन्हेट ने चाकू से रत्नेश के बाएं पैर की जांघ पर पीछे की तरफ गहरा वार किया। हमले के कारण रत्नेश के पैर से अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। शोर सुनकर पड़ोस में रहने वाले रोहित बेन और उदित वंशकार बीच-बचाव के लिए दौड़े, जिन्हें देख आरोपी पीछे हटे। वारदात के बाद भी आरोपी वहां से भागे नहीं बल्कि रत्नेश को सरेआम धमकाते रहे। जाते समय बदमाशों ने उसे चेतावनी दी कि यदि पुलिस में शिकायत की तो उसे जान से मार देंगे। घायल रत्नेश ने साहस दिखाते हुए हनुमानताल थाने पहुंचकर मामले की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
