khabar abhi tak

जबलपुर: पाटन चौराहे पर भीषण हादसा, अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे दबा बाइक सवार



पुलिस हिरासत में ट्रैक्टर चालक, ग्रामीणों ने सुरक्षा इंतजामों पर उठाए सवाल

जबलपुर। पाटन क्षेत्र मे आज सुबह एक भीषण सड़क हादसा घटित हुआ। पाटन चौराहे पर घास के बंडलों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसकी चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसा सुबह लगभग 10 बजे का बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर की रफ्तार काफी अधिक थी, जिसके कारण चालक मोड़ पर संतुलन खो बैठा। फिलहाल पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

​अनियंत्रित होकर बाइक सवारों पर पलटी ट्राली

​पाटन चौराहे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मनेरी प्लांट की ओर जा रहा घास से लदा ट्रैक्टर अचानक पलट गया। इस दौरान वहां से गुजर रहे दो बाइक सवार इसकी सीधी चपेट में आ गए। बाइक पर ग्राम कांटी निवासी रोहित चौधरी अपने एक मित्र के साथ सवार होकर जबलपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही वे चौराहे के करीब पहुंचे, उनके बगल से गुजर रही ट्राली उन पर पलट गई। रोहित के दोस्त ने तत्परता दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचा ली, लेकिन रोहित भारी-भरकम ट्राली और घास के ढेर के नीचे दब गया।

​जेसीबी की मदद से रेस्क्यू

​दुर्घटना होते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घायल रोहित को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों ने तत्काल प्रयास शुरू किए। पास ही एक जेसीबी मशीन उपलब्ध थी, जिसकी मदद ली गई। जेसीबी के माध्यम से भारी ट्राली को ऊपर उठाया गया और मलबे में फंसे रोहित को बाहर निकाला गया। उसे तत्काल पाटन स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। रोहित की हालत फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है।

​ ब्रेकर का अभाव बना कारण

​घटना के बाद स्थानीय निवासियों में भारी रोष देखने को मिला। निवासी वीरेंद्र साहू का कहना है कि जबलपुर-भोपाल मार्ग पर स्थित शहपुरा पुल टूटने के कारण सारा यातायात पाटन मार्ग की ओर डायवर्ट कर दिया गया है। इस वजह से सड़क पर वाहनों का दबाव कई गुना बढ़ गया है। ग्रामीणों ने पूर्व में भी प्रशासन से यहां डिवाइडर और ब्रेकर बनवाने की मांग की थी, ताकि वाहनों की गति पर नियंत्रण पाया जा सके, लेकिन इस दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। चौराहे पर ब्रेकर न होने के कारण वाहन चालक तेज रफ्तार में निकलते हैं, जो हादसों का मुख्य कारण बन रहा है।

​चालक का बयान,अचानक हुआ सब

​सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रैक्टर और घास से लदी ट्राली को जब्त कर लिया है। ट्रैक्टर चालक राकेश को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। चालक राकेश ने बताया कि वह सुबह 9 बजे गांव से घास लेकर मनेरी जाने के लिए निकला था। उसने दावा किया कि चौराहे के मोड़ पर उसे कुछ समझ नहीं आया और वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। मौके पर यातायात बहाल करने के लिए पलटी हुई ट्राली को सड़क से हटाया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak