जबलपुर। शहपुरा के ग्राम बम्हनी में आज उस वक्त तनाव का माहौल निर्मित हो गया, जब गांव के कुछ लोगों ने दोपहर के वक्त युवक को पहले तो बुरी तरह पीटा फिर जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाते रहे। विवाद शादी समारोह में डीजे पर डांस को लेकर हुआ था, जिसने आज हिंसक रुप धारण कर लिया। इस घटना को देख गांव में हड़कम्प मच गया।
खबर है कि ग्राम बम्हनी में यादव परिवार के बीती रात शादी समारोह के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर यादव व रैकवार परिवार के सदस्यों के बीच कहासुनी शुरू हुई। जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। विवाद यहीं नहीं रुका। आज सुबह यादव परिवार के कुछ लोगों ने रैकवार परिवार के एक सदस्य को जूतों की माला पहनाई और उसे सड़क पर घुमाया। युवक को जूतों की माला पहनाकर घुमाने को लेकर मामले ने तूल पकड़ लिया, यहां तक कि दोनों पक्षों के लोग आमने सामने हो गए, जिन्होने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए मारपीट तक शुरु कर दी। देखते ही देखते गांव में तनाव का माहौल निर्मित हो गया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरु कर दी है। पुलिस का कहना है कि विवाद की शुरुआत कैसे हुईऔर इस तरह का अपमानजनक कार्य क्यों किया गया। पुलिस दोनों पक्षों को समझाइश भी दे रही है। वहीं दूसरी ओर घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।