khabar abhi tak

जबलपुर: गढ़ा में गुंडागर्दी, घर पर पथराव कर दरवाजा तोड़ने का प्रयास



शराबखोरी का विरोध करने पर दबंगों ने परिवार को बनाया निशाना, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू

जबलपुर ।  गढ़ा थाना क्षेत्र स्थित सिंघई मोहल्ला बीटी तिराहा में बीती रात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। आपराधिक प्रवृत्ति के आधा दर्जन से अधिक युवकों ने एक घर को घेरकर भारी पथराव किया और धारदार हथियारों से हमला कर दहशत फैला दी। घटना की मुख्य वजह घर के पास होने वाली नशाखोरी का विरोध करना बताया जा रहा है। हमले के बाद से पूरे क्षेत्र के रहवासी डरे हुए हैं और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पीड़ित संदीप नामदेव ने जानकारी दी कि उनके घर के समीप कुछ युवक अक्सर जमा होकर शराब पीते हैं और नशा करते हैं। पूर्व में जब इन गतिविधियों को रोकने का प्रयास किया गया तो आरोपी रंजिश रखने लगे। इसी विवाद के चलते रात करीब 3 बजे बदमाशों का समूह उनके घर पहुंचा। हमलावरों ने पहले गाली-गलौज की और फिर पत्थरों से घर पर हमला बोल दिया। इस दौरान आरोपियों ने हथियारों से मुख्य दरवाजा काटने और घर के अंदर घुसने की कोशिश भी की।

सीसीटीवी में दिखा पूरा मामला

​संदीप नामदेव ने इस हमले के लिए आशु वर्मन, अनिल वर्मन, अनिल सिंघई और लकी सिंघई सहित उनके अन्य अज्ञात साथियों को जिम्मेदार ठहराया है। वारदात की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई थी। रविवार दोपहर 2 बजे पीड़ित पक्ष दोबारा थाने पहुंचा जहां पुलिस ने बयान दर्ज कर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की। साक्ष्य के तौर पर पुलिस को घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल से बनाए गए वीडियो उपलब्ध कराए गए हैं। गढ़ा पुलिस इन वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak