निर्माणाधीन मकान में पार्टी के दौरान पहुंचे बदमाश, रुपयों की मांग पूरी न होने पर फैलाया आतंक
जबलपुर। मदनमहल थाना क्षेत्र अंतर्गत निर्माणाधीन मकान में पार्टी कर रहे युवकों पर फायरिंग का मामला सामने आया है। रानीपुर माली मोहल्ला निवासी 30 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर सचिन सैनी अपने साथियों के साथ चाचा के घर पर मौजूद थे। नयन डेहरिया, हर्ष यादव और श्रीकांत राय वहां पहुंचे। आरोपियों ने पार्टी के नाम पर सचिन से 2 हजार रुपये की मांग की। रुपये देने से मना करने पर तीनों बदमाशों ने विवाद करना शुरू कर दिया। विरोध बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायर कर दिया। अचानक हुई इस गोलीबारी से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। मदनमहल पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।
