जबलपुर। शहर के सुप्रसिद्ध बाल रोग सर्जन और समाजसेवी प्रोफेसर डॉ. वी.के. रैना का 80 वर्ष की आयु में निधन हो गया। डॉ. रैना का संपूर्ण जीवन चिकित्सा ज्ञान और मानवता की सेवा के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने अपने अंतिम समय में चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अपना शरीर नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज को दान करने का निर्णय लिया। उनके इस फैसले को भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है। डॉ. रैना के सम्मान में शुक्रवार, 24 अप्रैल को सुबह 10 बजे मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित डीन कार्यालय में अंतिम दर्शन का कार्यक्रम रखा गया है, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। चिकित्सा जगत से जुड़ी अनेक हस्तियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनके योगदान को याद किया है। उनके निधन से समूचे चिकित्सा क्षेत्र में शोक व्याप्त है।