जबलपुर। जबलपुर के सालीवाड़ा में बरगी नहर के किनारे आज पूर्वान्ह 11 बजे के लगभग रील बना रहीं चार लड़कियां पैर फिसलने से तेज बहाव में बह गईं। इनमें से एक लड़की तैरकर बाहर निकल आईं। जबकि तीन डूब गईं, दो लड़कियों के शव घटनास्थल से करीब 1 किमी दूर मिले हैं। एक अब भी लापता है।
बताया गया है कि एक की परिवार की चारों लड़कियां सालीवाड़ा बरगी में रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए आई थी। आज पूर्वान्ह सभी चार लड़कियां बरगी नहर में नहाने के लिए चली गई। इस दौरान चारों लड़कियां किनारे मोबाइल फोन निकालकर रील बना रही थी। तभी उनका पैर फिसल गया और वे नहर में गिर गई। जिसमें एक को तैरना आता था तो वह किसी तरह बाहर निकल गई और अपनी सहेलियों को बचाने की कोशिश करती रही, लेकिन तेज बहाव के चलते तीन लड़कियां आंखो से ओझल हो गई। लड़कियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी आ गए, उन्होने भी बच्चियों को बचाने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। खबर मिलते ही जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारी, होमगार्ड का गोताखोर दल पहुंच गया। रेस्क्यू टीम ने तलाश शुरु की, करीब तीन घंटे बाद घटना स्थल से एक किलोमीटर दूर शीतल पटेल उम्र 16 वर्ष व सानिया पटेल 14 वर्ष के शव बरामद हुए। वहीं तनु पटेल 14 साल की तलाश में रेस्क्यू टीम जुटी हुई है। घटना की खबर मिलते ही पटेल परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए थे, जिन्होने दोनों बच्चियों को मृत हालत में देखा तो फूट-फूट कर रोए, घटना के बाद से गांव में मातम छाया हुआ है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाकर मर्ग कायम कर लिया है।
Tags
jabalpur